गाजीपुर जिले में आरा मशीन संचालक का शव उसके ही मकान में मिला। आरा मशी न बंद होने के बाद भी वह निगरानी के लिए वहां रहता था। हालांकि घरवाले दूसरी जगह रहते थे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र देवकली मोड़ के पास स्थित एक मकान में संचालित आरा मशीन के संचालक का शव चौकी पर मिला। मृतक के कंधे व गर्दन पर चोट के निशान थे। वहीं मुख्य गेट का ताला बंद था, लेकिन दीवार पर पैर के निशान थे। परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
रेवतीपुर थाना के बहोरिक राय पट्टी निवासी विनोद गुप्ता (55) बीते दो दशक से देवकली मोड़ के पास निजी भवन में आरा मशीन का संचालन करते थे। जबकि परिवार के अन्य सदस्य रेवतीपुर ही रहते हैं। विनोद गुप्ता देवकली में आरा मशीन पर रहकर देखरेख करते थे। प्रतिदिन की तरह सोमवार की रात में खाना खाकर सो गए। सुबह टहलने आए अन्य लोगों के द्वारा आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा न खुलने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई।